चंडीगढ़। हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद ने पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन आवेदकों को अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है, जो किसी कारणवश अपने आवश्यक दस्तावेज़ समय पर जमा नहीं कर पाए थे।
परिषद ने कहा है कि ऐसे उम्मीदवार अब अपना लंबित दस्तावेज़ों सहित लिखित प्रस्तुतीकरण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जमा कर सकते हैं। इस प्रस्तुतीकरण में उम्मीदवारों को दस्तावेज़ों में देरी होने का स्पष्ट कारण भी बताना होगा।
अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है जिन्होंने तकनीकी समस्या, व्यक्तिगत कारण या अन्य परिस्थितियों के चलते दस्तावेज़ समय पर अपलोड नहीं कर पाए। परिषद ने स्पष्ट किया कि सभी आवेदन परिषद द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार ही स्वीकार किए जाएंगे।
फार्मेसी परिषद ने आवेदकों से समय पर दस्तावेज़ जमा करने और प्रक्रिया का ध्यानपूर्वक पालन करने की अपील की है, ताकि उनके पंजीकरण में कोई बाधा न आए।
इस कदम से हजारों अभ्यर्थियों को पंजीकरण पूरा करने का एक नया अवसर मिला है, जिससे फार्मेसी क्षेत्र में सुगमता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।


