नई दिल्ली/करनाल। करनाल में हवाई सेवा का विस्तार और शहर को उड्डयन मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान दिलाने के उद्देश्य से आज नागर विमानन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किन्जरापु से एक स्नेहिल शिष्टाचार भेंट की गई। मुलाकात के दौरान करनाल में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने, आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास और क्षेत्रीय उड़ान सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2015 में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना आम नागरिक को सस्ती और सुगम हवाई यात्रा उपलब्ध कराने के उनके विजन पर आधारित थी। इसी लक्ष्य के अनुरूप देश ने बीते एक दशक में अभूतपूर्व प्रगति की है। जहां एक ओर देशभर में हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हुई है, वहीं दूसरी ओर दूरदराज़ क्षेत्रों तक हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
चर्चा के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि करनाल जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए हवाई सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल पर्यटन एवं निवेश के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।
विमानन मंत्री ने आश्वस्त किया कि करनाल में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कदमों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उम्मीद जताई गई कि आने वाले वर्षों में करनाल भारत के हवाई मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में भी इस संभावित हवाई कनेक्टिविटी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।
नागर विमानन मंत्री श्री @RamMNK जी से आज स्नेहिल भेंट कर अपने संसदीय क्षेत्र करनाल में हवाई सेवा विस्तार हेतु विस्तृत विचार विमर्श हुआ।
2015 में आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना उनके उस विजन पर केंद्रित थी कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा… pic.twitter.com/pGt5NrYOq7
— Manohar Lal (@mlkhattar) November 21, 2025


