चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (NFSM) के तहत बड़ी पहल शुरू की है। मिशन के अंतर्गत राज्य के 7 जिलों में जौ और 8 जिलों में गेहूं के लिए प्रदर्शन प्लांट, बीज वितरण, तथा पौध एवं मृदा संरक्षण प्रबंधन पर किसानों को अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
कृषि विभाग के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य उन्नत किस्मों के बीजों का उपयोग बढ़ाना, फसल उत्पादकता को बढ़ावा देना तथा किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। प्रदर्शन प्लांट के माध्यम से किसानों को खेत स्तर पर नवीन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे बेहतर उत्पादन के साथ लागत में कमी लाई जा सकेगी।
सरकार का कहना है कि समय पर बीज, आधुनिक कृषि पद्धति और मृदा संरक्षण उपायों की उपलब्धता से राज्य में गेहूं और जौ दोनों फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार होगा।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक किसान योजना का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया सरल है और पात्र किसान दस्तावेज अपलोड कर सहज रूप से पंजीकरण कर सकते हैं।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम रबी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


