युजवेंद्र चहल ने धनश्री वर्मा से तलाक और डिप्रेशन पर खुलकर बात की। कहा, ‘मुझे धोखा कहा गया, आत्महत्या के विचार भी आए।’
भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने पहली बार कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा से अपने तलाक को लेकर सार्वजनिक रूप से बयान दिया है। राज शमनी के पॉडकास्ट में अपनी निजी ज़िंदगी से जुड़ी बातों को साझा करते हुए चहल ने बताया कि तलाक के बाद उन्हें न केवल ‘चीटर’ कहा गया, बल्कि वे गंभीर डिप्रेशन का भी शिकार रहे।
तलाक कोई अचानक हुआ फैसला नहीं था
चहल ने कहा कि उनका और धनश्री का अलगाव अचानक नहीं हुआ, बल्कि यह एक लंबी और प्राइवेट प्रक्रिया थी। “हमने तय किया था कि जब तक अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक हम सोशल मीडिया पर नॉर्मल कपल की तरह रहेंगे। हां, मैं दिखावा कर रहा था,” उन्होंने कहा।
‘मुझे चीटर कहा गया, जबकि मैंने कभी धोखा नहीं दिया’
तलाक के बाद चहल को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे चीटर कहा गया, जबकि मैं रिश्ते में पूरी तरह वफादार था। मुझे दुख इस बात का है कि लोगों ने पूरी कहानी जाने बिना ही मुझे जज किया।”
मानसिक तनाव और आत्महत्या के विचार
अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बात करते हुए चहल ने बताया कि वह करीब 5 महीने तक डिप्रेशन में रहे। उन्हें एंग्जायटी अटैक आते थे और आत्महत्या के विचार तक आने लगे थे। “मेरा दिमाग काम करना बंद कर चुका था। मेरे पास सब कुछ था, लेकिन खुशी नहीं थी,” उन्होंने कहा।
सोशल मीडिया अफवाहों से परेशान
आरजे महवश के साथ नाम जोड़े जाने पर चहल ने कहा, “सिर्फ साथ दिखने से कोई रिलेशनशिप नहीं बन जाता। लोग व्यूज़ और मसाले के लिए कुछ भी लिख देते हैं। अगर आप सफाई देने की कोशिश करें, तो और ज़्यादा ट्रोलिंग होती है।”
‘अब मैं किसी को सफाई नहीं दूंगा’
चहल ने अंत में कहा, “अब मुझे फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या सोचते हैं। मुझे अपनी सच्चाई पता है और मेरे करीबियों को भी। मैंने कुछ गलत नहीं किया, इसलिए किसी के सामने सफाई देने की ज़रूरत नहीं समझता।”


