Ghich Pich Review: Ghich Pich एक इमोशनल ड्रामा है जो बाप-बेटे के रिश्तों को खूबसूरती से दिखाती है। रिश्तों की गहराई समझने के लिए यह फिल्म जरूर देखें।
Ghich Pich Review: ‘घिच पिच’ एक ऐसी फिल्म है जो आज की पीढ़ी और उनके माता-पिता के बीच बदलते रिश्तों और सोच के फर्क को बेहद सरल और सशक्त तरीके से प्रस्तुत करती है। यह फिल्म एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देती है कि संवाद, समझ और प्यार से हर पीढ़ी के बीच की दूरी को पाटा जा सकता है।
कहानी की झलक: तीन दोस्तों और उनके पिताओं के इमोशनल सफर की कहानी
‘घिच पिच’ की कहानी तीन दोस्तों और उनके अपने-अपने पिता से रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। एक पात्र एक लड़की के प्यार में अपने सिख पहचान को छोड़कर बाल कटवाना चाहता है, दूसरा पढ़ाई के दबाव में जी रहा है, और तीसरा अपने पिता की किसी बात से नफरत करने लगता है। फिल्म दिखाती है कि कैसे ये सभी रिश्ते समझ, भावनाओं और अनुभवों के जरिये फिर से जुड़ते हैं। कहानी दिल को छू जाती है और हर दर्शक को कहीं न कहीं खुद से जोड़ती है।
फिल्म की खासियत: छोटी लेकिन असरदार
90 मिनट की यह फिल्म बिना किसी खिंचाव के प्रभावशाली ढंग से अपनी बात कहती है। फिल्म की सबसे बड़ी खूबी है इसका सिंपल नैरेटिव और मजबूत इमोशनल कनेक्शन। हर सीन फिल्म की कहानी में जरूरी महसूस होता है और दूसरे हाफ में फिल्म गहराई से दर्शकों को बांध लेती है। इसका अंत एक प्यारी सी मुस्कान के साथ होता है, जो लंबे समय तक याद रहता है।
अभिनय: इमोशन से भरे परफॉर्मेंस
फिल्म में दिवंगत अभिनेता नितेश पांडे की मौजूदगी भावुक कर देती है। उन्होंने हमेशा की तरह इस बार भी शानदार अभिनय किया है।
सत्यजीत शर्मा, जिन्हें टीवी शो ‘बालिका वधू’ से जाना जाता है, एक सशक्त पिता की भूमिका में दमदार लगे हैं। निशान चीमा एक सिख पिता की बेबसी को बेहतरीन तरीके से पेश करते हैं। तीन मुख्य पात्र—शिवम कक्कड़, आर्यन सिंह राणा और कबीर नंदा—अपनी भूमिकाओं में खूब जमे हैं। गीता अग्रवाल, लिली सिंह और शालिनी शर्मा ने भी बतौर माताएं अच्छा प्रदर्शन किया है।
राइटिंग और डायरेक्शन: अनकुर सिंघला की सधी हुई प्रस्तुति
फिल्म के लेखक और निर्देशक Ankur Singla हैं, जिनकी राइटिंग में गहराई और रिश्तों की समझ साफ नजर आती है। उन्होंने फिल्म को कहीं भी खींचने की कोशिश नहीं की। डायरेक्शन टाइट है और उन्होंने अपनी बात बिना किसी लाग-लपेट के साफ़ तौर पर कह दी है।
Ghich Pich Movie Rating: 3.5/5
‘घिच पिच’ एक छोटी बजट की लेकिन बड़ी सोच वाली फिल्म है, जो आज के दौर में पैरेंट्स और बच्चों के बीच के रिश्तों को समझने और सुधारने का जरिया बन सकती है।
For more news: Entertainment


