Vimal Pan Masala Ad Controversy: विमल एड विवाद में नया मोड़, शाहरुख-अजय-टाइगर को नोटिस भेजने वाले अधिकारी ग्यारसी मीणा ने अपनी बर्खास्तगी को हाईकोर्ट में दी चुनौती।
Vimal Pan Masala Ad Controversy: विमल पान मसाला विज्ञापन को लेकर चर्चाओं में आए शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ नोटिस जारी करने वाले जयपुर जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष ग्यारसी लाल मीणा ने अब अपनी बर्खास्तगी के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।
बर्खास्तगी को बताया अनुचित, हाईकोर्ट में दी चुनौती
ग्यारसी लाल मीणा को 3 जून को उनके पद से बर्खास्त किया गया था। उन्होंने याचिका में दावा किया है कि यह निर्णय मनमाने ढंग से और नेचुरल जस्टिस के सिद्धांतों का उल्लंघन कर लिया गया है। मीणा ने हाईकोर्ट से राहत की मांग की है और बताया कि उन्होंने दो साल के कार्यकाल में लगभग 1500 केसों का निपटारा किया है।
विवाद का कारण: विमल पान मसाला का विज्ञापन
मार्च 2025 में ग्यारसी लाल मीणा ने एक बड़ा कदम उठाते हुए विमल ब्रांड के एक विज्ञापन को भ्रामक बताते हुए बॉलीवुड सुपरस्टार्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ समेत निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किया था।
उनका कहना था कि “बोलो जुबां केसरी” टैगलाइन वाला यह विज्ञापन गलत दावे कर रहा है – पान मसाले में केसर होने का दावा किया गया जबकि पैक में असल में केसर नहीं होता।
विज्ञापन में शामिल सितारे
इस विज्ञापन में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ साथ नजर आते हैं। इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार भी इस कैंपेन का हिस्सा थे, लेकिन विवाद बढ़ने पर उन्होंने इससे दूरी बना ली और एक आधिकारिक माफीनामा भी जारी किया।
हाईकोर्ट की प्रतिक्रिया
राजस्थान हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार से 3 दिनों में जवाब मांगा है। कोर्ट यह भी देख रहा है कि क्या बर्खास्तगी वाकई न्यायसंगत थी या नियमों के खिलाफ की गई है।
For more news: Entertainment


