US Tariffs On Steel And Aluminum: अमेरिका ने स्टील और एल्युमिनियम पर टैरिफ 50% कर दिया है, जिससे भारत के निर्यातकों को बड़ा नुकसान हो सकता है। जानिए भारत ने क्या जवाबी कदम उठाए हैं और इस फैसले का भारतीय स्टील इंडस्ट्री पर क्या असर पड़ेगा।
US Tariffs On Steel And Aluminum: अमेरिका में बुधवार से स्टील और एल्युमिनियम पर आयात शुल्क दोगुना होकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। यह फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिया है, जो अमेरिकी इंडस्ट्री की सुरक्षा के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, ब्रिटेन को इस बढ़े हुए टैरिफ से छूट मिली है और उसके ऊपर 25 प्रतिशत की ही दर लागू रहेगी क्योंकि दोनों देशों के बीच पहले से व्यापार समझौता मौजूद है।
ट्रंप के टैरिफ फैसले का भारत पर प्रभाव
राष्ट्रपति ट्रंप के इस नए टैरिफ से भारत के निर्यातकों को बड़ा झटका लग सकता है। भारत से अमेरिका को पिछले साल करीब 4.56 अरब डॉलर के स्टील और एल्युमिनियम का निर्यात हुआ था। अमेरिकी बाजार में भारत के स्टील और एल्युमिनियम की मांग तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन 50% टैरिफ लागू होने के बाद इन उत्पादों की कीमतें अमेरिका में महंगी हो जाएंगी, जिससे भारतीय एक्सपोर्ट पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
भारत ने उठाया जवाबी कदम
टैरिफ बढ़ने के बाद भारत ने भी अमेरिकी वस्तुओं पर जवाबी टैरिफ लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। विश्व व्यापार संगठन (WTO) को भेजे गए नोटिस में भारत ने अमेरिका के इस फैसले की जानकारी दी है। हालांकि, अभी तक जवाबी टैरिफ लागू करने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही भारत भी अपने उद्योगों की सुरक्षा के लिए इस कदम पर विचार कर सकता है।
ट्रंप का ऐलान और इतिहास
पिछले हफ्ते पेंसिल्वेनिया में अमेरिकी स्टील प्लांट के मजदूरों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने स्टील और एल्युमिनियम पर टैरिफ दोगुना करने की घोषणा की थी। यह टैरिफ अमेरिका ट्रेड एक्सपैंशन एक्ट 1962 की धारा 232 के तहत लगाया गया है। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में 2018 में भी स्टील पर 25% और एल्युमिनियम पर 10% टैरिफ लगाया था, जिसे बाद में 25% कर दिया गया था।
For more news: Business


