Tata Advanced Systems Limited: टाटा और एयरबस मिलकर कर्नाटक में भारत का पहला निजी हेलिकॉप्टर असेंबली प्लांट स्थापित करेंगे, जो ‘मेक इन इंडिया’ को देगा नई उड़ान।
Tata Advanced Systems Limited: भारत के एयरोस्पेस सेक्टर को एक नई ऊंचाई मिलने जा रही है। एयरबस (Airbus) और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) मिलकर कर्नाटक के कोलार जिले में देश की पहली निजी क्षेत्र की हेलिकॉप्टर असेंबली यूनिट स्थापित करने जा रहे हैं। इस पहल से न केवल ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा मिलेगा बल्कि भारत को एयरोस्पेस निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
H125 हेलिकॉप्टर का निर्माण यहीं होगा
यह नई यूनिट विश्व प्रसिद्ध H125 हेलिकॉप्टर का निर्माण करेगी, जो एयरबस का सबसे ज़्यादा बिकने वाला सिविल हेलिकॉप्टर मॉडल है। यह संयंत्र दुनिया में ऐसा चौथा प्लांट होगा, जो फ्रांस, अमेरिका और ब्राज़ील के बाद भारत में स्थापित किया जाएगा।
शुरुआती उत्पादन क्षमता सालाना 10 हेलिकॉप्टरों की होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाया जाएगा। एयरबस का अनुमान है कि भारत और दक्षिण एशिया में अगले 20 वर्षों में लगभग 500 लाइट हेलिकॉप्टरों की मांग होगी।
वेमगल इंडस्ट्रियल एरिया में होगी यूनिट की स्थापना
टाटा ग्रुप ने बेंगलुरु से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित वेमगल औद्योगिक क्षेत्र में 7.4 लाख वर्गफुट का प्लॉट अधिग्रहित किया है। यहीं पर यह फाइनल असेंबली लाइन (FAL), साथ ही मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल (MRO) की सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी।
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेगा स्किल डेवलपमेंट
Aequs के चेयरमैन अरविंद मेलिगेरी का कहना है कि यह यूनिट भारत में स्वदेशी निर्माण क्षमता को मजबूत करेगी और हाई-स्किल नौकरियों, सप्लाई चेन में निवेश, और औद्योगिक क्लस्टर के विकास में सहायक होगी।
गुजरात में C295 असेंबली के बाद टाटा का दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट
टाटा और एयरबस इससे पहले गुजरात के वडोदरा में C295 सैन्य विमान की असेंबली लाइन की घोषणा कर चुके हैं। गुजरात में सेमीकंडक्टर फैक्ट्री से लेकर इंटरनेशनल डायमंड बोर्स तक कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। हालांकि, इसको लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर गुजरात को तरजीह देने के आरोप भी लगाए हैं।
For more news: Business


